राष्ट्रीय

वाराणसी की बेटी आर्या यादव ने केंद्रीय विद्यालय संगठन राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रचा इतिहास

हैदराबाद/वाराणसी। हैदराबाद के केंद्रीय विद्यालय संगठन कैम्पस में आयोजित 54वीं केंद्रीय विद्यालय संगठन राष्ट्रीय प्रतियोगिता में वाराणसी केंद्रीय विद्यालय की कक्षा 10 की छात्रा आर्या यादव ने रोप्स स्किपिंग में स्वर्णिम सफलता हासिल की।
आर्या ने अलग–अलग प्रारूपों में सर्वाधिक तीन गोल्ड मेडल जीतकर न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया।केंद्रीय विद्यालय की कक्षा 10 की छात्रा आर्या यादव ने रोप्स स्किपिंग में अद्वितीय प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया। आर्या ने प्रतियोगिता के अलग–अलग प्रारूपों में शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक तीन स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) अपने नाम किए।

आर्या की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से विद्यालय और परिवार में हर्ष का माहौल है। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने अपने कोच मनिंदर सिंह तथा मार्गदर्शक वंदना यादव को दिया, जिन्होंने निरंतर उनका उत्साह बनाए रखा। कोच मनिंदर सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान पैर की नस में खिंचाव के बावजूद आर्या ने गोल्ड मेडल जीतकर यह साबित किया कि वह एक जुझारू और संघर्षशील खिलाड़ी है।

गौरतलब है कि पिछले एक दशक से अंडर-19 वर्ग के डबल अंडर इवेंट में वाराणसी केंद्रीय विद्यालय को गोल्ड मेडल नहीं मिला था, जिसे आर्या ने अपने दमखम से हासिल कर इस सूखे को समाप्त किया। विद्यालय के प्राचार्य चंद्रभूषण प्रकाश वर्मा ने आर्या की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि वह आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।

इससे पूर्व भी आर्या ने पाइथियन गेम्स—जिसे ओलंपिक से भी प्राचीन माना जाता है—में दो गोल्ड मेडल जीते थे। अब तक विभिन्न राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में आर्या कुल 9 स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।

आर्या यादव, वाराणसी के वरिष्ठ पत्रकार सियाराम यादव की पोती हैं। यह प्रतियोगिता 19 से 24 अगस्त तक आयोजित हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *