वाराणसी: प्रियंका गांधी के जन्मदिन पर प्रमोद तिवारी की पत्रकार वार्ता, मनरेगा समेत कई मुद्दों पर मोदी सरकार पर तीखा हमला

राज्य राजनीति

वाराणसी। कांग्रेस महासचिव एवं सांसद श्रीमती प्रियंका गांधी के जन्मदिन के अवसर पर राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष के उप नेता और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी सांसद ने वाराणसी में पत्रकार वार्ता कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने मनरेगा, संविधान, पंचायत चुनाव, संगठन सृजन और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रमोद तिवारी ने कहा कि, “मोदी सरकार ने न केवल भारत बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी रोजगार गारंटी योजना ‘महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा)’ को छलपूर्वक समाप्त कर दिया है। यह योजना एक अधिनियम द्वारा संरक्षित थी।”

उन्होंने सवाल उठाया कि, “1947 के बाद क्या किसी ने सोचा था कि देश में ऐसी सरकार आएगी, जो राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम पर चल रही दुनिया की सबसे बड़ी योजना को ही खत्म कर देगी?”

श्री तिवारी ने कहा कि मनरेगा हर वर्ष करीब 12 करोड़ ग्रामीण परिवारों को न्यूनतम 100 दिनों के रोजगार की गारंटी देती थी। इस अधिनियम की आत्मा “गारंटीकृत आजीविका सुरक्षा” थी, जिससे कोई गरीब परिवार बेरोजगारी और भूख से निराश न हो।

उन्होंने याद दिलाया कि यूपीए सरकार के दौरान श्रीमती सोनिया गांधी की प्रेरणा से डॉ. मनमोहन सिंह सरकार ने इस कानून को संसद से सर्वसम्मति से पारित कराया था, जो ग्रामीण भारत के लिए वरदान साबित हुआ।

प्रमोद तिवारी ने तीखे शब्दों में कहा, “पहले नाथूराम गोडसे ने महात्मा गांधी की शारीरिक हत्या की, अब मोदी सरकार लगातार गांधी जी की वैचारिक हत्या कर रही है। मनरेगा इसका सबसे मजबूत उदाहरण है।”

उन्होंने यह भी कहा कि पहले जहां मनरेगा में केंद्र का 90% और राज्य का 10% योगदान था, अब इसे बदलकर केंद्र 60% और राज्य 40% कर दिया गया है, जिससे पहले से कर्ज में डूबे राज्यों पर अतिरिक्त बोझ डाला गया है।

श्री तिवारी ने ऐलान किया, “मनरेगा को समाप्त कर मोदी सरकार ने देश की राजनीति में काला अध्याय लिखा है। कांग्रेस संकल्प लेती है कि सत्ता में आने पर मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया जाएगा।”

कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश में अगले 100 दिनों के लिए कई बड़े कार्यक्रमों की घोषणा की—

🔹 1. संविधान संवाद महापंचायत

वाराणसी, लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में 30 से अधिक कार्यक्रम, योगी सरकार की विफलताओं को जनता के बीच रखा जाएगा।

🔹 2. “मनरेगा बचाओ संग्राम”

ग्रामीण मजदूरों के हक में आंदोलन, ₹400 प्रतिदिन मजदूरी के अधिकार के साथ कांग्रेस का पुनर्संकल्प।

🔹 3. SIR (Special Intensive Revision)

मतदाता सूची से कटे और छूटे नामों को शामिल कराने के लिए कांग्रेस की मॉनिटरिंग कमेटी सक्रिय।

🔹 4. पंचायत चुनाव 2026

सृजन अभियान के तहत तैयारी तेज, कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ने की रणनीति पर काम कर रही है।

🔹 5. सेवा और बलिदान के 140 वर्ष

कांग्रेस स्थापना के 140 गौरवशाली वर्ष पूरे होने पर पूरे वर्ष को सेवा, समर्पण, त्याग और बलिदान के रूप में मनाया जाएगा।

🔹 6. एमएलसी चुनाव 2026

स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव कांग्रेस पूरी मजबूती से लड़ेगी।

🔹 7. रमाबाई अंबेडकर मैदान में महारैली

पूरे उत्तर प्रदेश से हजारों कार्यकर्ताओं के साथ संविधान संवाद महापंचायत

🔹 8. संगठन सृजन अभियान

  • 9 हजार मंडल
  • लगभग 1.50 लाख बूथ अध्यक्ष नियुक्त
  • SIR के लिए 1 लाख BLA की नियुक्ति

इसे कांग्रेस की जमीनी ताकत और लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्धता बताया गया।

इस अवसर पर प्रमोद तिवारी, राजेश्वर पटेल, राघवेन्द्र चौबे, सजीव सिंह, प्रमोद पाण्डेय, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, फसाहत हुसैन बाबू, वीरेन्द्र कपूर, गुलशन अली, राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, अरुण सोनी, वकील अंसारी, संतोष चौरसिया, अनुराधा यादव, अब्दुल हमीद डोडे, रोहित दुबे, अनुभव राय, परवेज खान, विनीत चौबे, राम सृंगार पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *