नेहरू ग्राम भारती विश्वविद्यालय में गांधीवादियों का भव्य स्वागत

आंदोलन राष्ट्रीय

एक कदम गांधी के साथ पदयात्रा सातवें दिन पहुंची प्रयागराज शहर

वाराणसी राजघाट से दिल्ली राजघाट तक पदयात्रा

प्रयागराज। आज पदयात्री अपने रात्रि विश्राम स्थल बाला प्रसाद कुशवाहा डिग्री कॉलेज, जगतपुर से आगे बढ़कर कोटवा, जमुनीपुर होते हुए प्रयागराज जिले में स्थित नेहरू ग्राम भारती विश्वविद्यालय पहुंचे । यहाँ पर विश्वविद्यालय के कुलपति की ओर से यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया।

विश्वविद्यालय के कुलपति मनोज मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान के गौरवशाली इतिहास की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र पंडित जवाहरलाल नेहरू का कार्यक्षेत्र रहा है। नेहरू का सपना था कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी उच्च स्तरीय शैक्षणिक संस्थान स्थापित हों, ताकि सुदूर गांवों के बच्चों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूर शहरों में न जाना पड़े।

उन्होंने बताया कि 1962 में पंडित जवाहरलाल नेहरू ने इस विश्वविद्यालय की नींव रखी थी, परंतु कुछ कारणवश उस समय कॉलेज की स्थापना नहीं हो सकी। बाद में जब श्रीमती इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री थीं, तब उनके पिता ने इस सपने को साकार करने के लिए कॉलेज खोलने का प्रस्ताव दिया था । अंततः सन् 1996 में इस कॉलेज की स्थापना हुई और सत्र 2008–09 में इसे डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी का दर्जा प्राप्त हुआ।

आज विश्वविद्यालय में लगभग 6000 छात्र अध्ययनरत हैं, जिनमें लगभग 56 प्रतिशत छात्राएँ हैं। भविष्य में यहां मेडिकल कॉलेज की स्थापना का भी संकल्प लिया गया है।

सामाजिक क्षेत्र में प्रख्यात कार्यकर्ता डॉ. संतोष गोइंडी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं और उन्होंने पदयात्रियों को शुभकामनाएं दीं। वे सर्वोद से जुड़ी हैं और वर्ष 1972 से इस क्षेत्र में समाजसेवा में सक्रिय हैं। उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यावरणविद सुंदरलाल बहुगुणा ने भी अपनी बहन को इस क्षेत्र में भेजा था ताकि वे इनके साथ मिलकर कार्य कर सकें। उन्होंने क्षेत्र में शराबबंदी को लेकर एक बड़ा आंदोलन भी चलाया था। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि “लोकतंत्र को जीवित रखना और संविधान की आत्मा की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।” उनके वक्तव्य के बाद उन्हें ‘सत्य के प्रयोग’ एवं ‘आरापों के आंधी में अडिग गांधी’ पुस्तक देखकर सम्मानित किया गया।

छात्रों के साथ संवाद और पुस्तक प्रदर्शनी

इसके पश्चात् कॉलेज परिसर में छात्रों के साथ संवाद सत्र आयोजित किया गया। सर्व सेवा संघ से जुड़े पदाधिकारी और पदयात्रा दल के कुछ साथियों ने छात्रों के साथ गांधी विचारधारा से संबंधित मुख्य बातें साझा कीं।

कॉलेज परिसर में सर्व सेवा संघ प्रकाशन की कई पुस्तकों की प्रदर्शनी और बिक्री भी आयोजित की गई थी। पदयात्रियों ने नेहरू ग्राम विकास परिवार के परिसर में दोपहर का भोजन एवं विश्राम किया।

प्रयागराज शहर के लिए प्रस्थान

दोपहर में भोजन के बाद पदयात्री प्रयागराज शहर के लिए रवाना हुए। आज प्रयागराज में जगह-जगह पदयात्रियों का स्थानीय लोगों द्वारा स्वागत किया गया। इस कड़ी में रास्ते में उन्हें जैन मंदिर परिसर के निकट सम्मानित किया गया। शाम 5 बजे मल्लू चाय के समीप स्थानीय लोगों ने भी पदयात्रियों का स्वागत किया। रात 7 बजे वे पटेल संस्थान, अलोपी बाघ पहुंचे, जहां उनका रात्रि विश्राम निर्धारित था।

17 राज्यों के पदयात्री शामिल

अब तक इस यात्रा में देश के 17 राज्यों — तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, असम, मध्य प्रदेश, झारखंड, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल – के प्रतिनिधि शामिल हो चुके हैं।

पदयात्रियों में भूपेश भूषणमें (युवा प्रकोष्ठ संयोजक), मिहिर प्रताप दास (उड़ीसा सर्वोदय मंडल अध्यक्ष), श्यामधर तिवारी (सत्यमेव जयते), सतीश मराठा (हरियाणा), सरिता बहन (विनोबा आश्रम, गागोदा), सचिन (राष्ट्रीय युवा संगठन), पवित्रन (सर्वोदय मंडल कोषाध्यक्ष), दिवाकर, ए. आर. पलानीसामी, श्रीनिवासन (तमिलनाडु), जीतेन नंदी, काजल मुखर्जी (पश्चिम बंगाल), नरेंद्र ठाकुर (विदिशा), हिंद युवा प्रतिष्ठान से आयुष द्विवेदी, भास्कर शर्मा और आदित्य जायसवाल, विद्याधर, जोखन यादव, सिस्टर फ्लोरीन, निधि, सिराज अहमद, अंतर्यामी बरल, जगदीश कुमार (पूर्व प्रदेश संयोजक, राजस्थान), संजय (जय किसान आंदोलन), टी. के. सिन्हा, अनोखेलाल, संजय कुमार, ज्ञानेंद्र कुमार ( जनमुक्ति संघर्ष वाहिनी), संजीव सिंह, सतेंद्र सिंह, राबिया बेगम, गौरव पुरोहित, विवेक यादव, विवेक मिश्रा, सौरभ त्रिपाठी, इंदु पांडे, सवाई सिंह जयपुर, आसमा आदिवासी, दिवाकर सिंह, विकास कुमार, ईश्वरचंद्र (सामाजिक कार्यकर्ता), अंकित मिश्रा (मध्य प्रदेश सर्वोदय मंडल सचिव), राजित द्विवेदी (विदिशा), चंदन पाल, सोमनाथ रोड़े, सर्व सेवा संघ के अध्यक्ष चंदन पाल, सर्व सेवा संघ प्रकाशन के संयोजक अशोक भारत, रामधीरज (उत्तर प्रदेश सर्वोदय मंडल अध्यक्ष), अरविंद कुशवाह एवं अरविंद अंजुम (सर्व सेवा संघ मंत्री) आदि।

विज्ञापन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *