मिर्जामुराद । गांधी जी के शहादत दिवस के पूर्व संध्या पर दिहाड़ी मजदूर संगठन एवं लोक समिति वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में राजातालाब में दिहाड़ी मजदूरों ने रोजगार और मजदूर अधिकारों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने तख्तियां लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए।
आराजी लाईन और सेवापुरी ब्लॉक के दर्जनों गांवों से आये सैकड़ों मजदूरों ने राजातालाब जीटी रोड के किनारे एकत्रित होकर गांधी जी की शहादत दिवस मनाया और सर्वधर्म प्रार्थना के साथ सभा किया। प्रदर्शनकारियों ने मनरेगा योजना को तत्काल बहाल करने तथा मजदूर विरोधी श्रम कानूनों को रद्द करने की मांग की। इस दौरान लोगों ने रोटी कपड़ा और मकान मांग रहा मजदूर किसान, हर हाथ को काम दो काम का पूरा दाम दो।
गांधी जी का यह अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान, मनरेगा कानून बहाल करो, जी राम राम कानून वापस लो आदि जोरदार नारे लगाएं। मजदूरों का कहना था कि सरकार की नीतियों के कारण दिहाड़ी मजदूर बेरोजगारी, भूख और पलायन के लिए मजबूर हो रहे हैं।
इस दौरान लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर ने कहा,“गांधी जी के देश में मजदूरों से उनका हक छीना जा रहा है। मनरेगा को कमजोर करना सीधे-सीधे गरीबों पर हमला है। सरकार पूंजीपतियों के लिए कानून बना रही है और मजदूरों को भूखा मरने के लिए छोड़ दिया गया है। अगर मनरेगा बहाल नहीं हुई और मजदूर विरोधी जी राम जी कानून वापस नहीं लिए गए तो दिहाड़ी मजदूर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेंगे।”
इस दौरान खेतिहर घरेलू कामगार महिला मजदूर संगठन का ब्लॉक स्तरीय चुनाव किया गया।जिसमें बढेनी से सरिता, हरपुर से रानी उपाध्यक्ष, हरसोस से रंजना सचिव, नागेपुर से ममता कोषाध्यक्ष और बेनीपुर से सुमन, चौखंडी से चंदा, दउरा से बनीता को संगठन मंत्री बनाया गया। सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों को अंगवस्त्र और माला पहनाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यरूप से अनीता सोनी मनीषा आशा राय रामबचन, सुमन, सपना, संध्या,सबीना, गीता, ममता,सरिता, बदामा , उर्मिला,हीरावती आदि लोग मौजूद रहे।

राहुल यादव ‘साँचिया – सच की आवाज’ के सह संपादक हैं।

